बच्चों के विवाद में दबंगों का तांडव: महिला समेत परिवार को लाठी-डंडों से पीटा, केस दर्ज
दिलदारनगर : बच्चों के मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब गांव के कुछ दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला समेत परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों के विवाद में शुरू हुई गाली-गलौज थाना दिलदारनगर के सेन्दुरा गांव की निवासी पीड़िता मीरा देवी (पत्नी कुल्लन बिन्द) के अनुसार, शुक्रवार को बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर गांव के कुछ दबंग लोग उनके घर पर आ धमके और उनके पुत्र संजीत के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। जब संजीत की मां मीरा देवी, उनका भतीजा नेवास और भाभी गुलाबी शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे, तो विपक्षियों ने उन पर भी हमला कर दिया। दबंगों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को इकट्ठा होते देख आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पीड़िता मीरा देवी ने थाना दिलदारनगर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।




