मरदह में चोरों का आतंक: स्कार्पियो और बाइक सवार चोरों ने उड़ाए पांच बकरे, पुलिस जांच में जुटी
मरदह । मरदह थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने अलग-अलग गांवों से दिनदहाड़े और सुबह के समय पांच कीमती बकरे चोरी कर सनसनी फैला दी है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
केस 1: स्कार्पियो से आए और तीन बकरे ले उड़े
पहली घटना मरदह थाना क्षेत्र के बरही चट्टी की है। वाराणसी-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर स्थित लाली देवी के सीमेंट शीट से बने बरामदे में तीन बकरे बंधे हुए थे। सुबह के समय एक स्कार्पियो गाड़ी से आए अज्ञात चोरों ने बरामदे में बंधे तीनों बकरों को गाड़ी में लादा और मरदह की तरफ फरार हो गए। पीड़िता लाली देवी के मुताबिक, चोरी गए बकरों की कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। उन्होंने इस घटना की लिखित तहरीर मरदह थाने में दे दी है।
केस 2: बाइक सवार चोरों ने दो बकरे चुराए
इसी तरह की दूसरी घटना एक दिन पूर्व मरदह थाना क्षेत्र के ही भोजापुर गांव में घटित हुई। यहाँ के निवासी नसीम अहमद के दरवाजे पर दो बकरे बंधे हुए थे, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये थी। सुबह करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर आए चोरों ने दोनों बकरों को अपनी बाइक पर रखा और रफूचक्कर हो गए। पीड़ित नसीम अहमद ने भी मरदह थाने में चोरी की तहरीर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष और डर का माहौल है। पीड़ितों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।




