भांवरकोल के फिरोजपुर गांव में भीषण आग, दो झोपड़ियां और सामान जलकर राख

भांवरकोल के फिरोजपुर गांव में भीषण आग, दो झोपड़ियां और सामान जलकर राख


भांवरकोल ।  भांवरकोल क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में दोपहर के समय अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ग्रामीण की दो झोपड़ियां और एक खोंप जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी के भीतर रखा अनाज, बक्सा, भूसा और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर गांव के पूरब बारा के सिवान में फिरोजपुर निवासी राम आशीष यादव का डेरा है। दोपहर के समय अचानक उनके डेरे पर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान राम आशीष यादव की एक खोंप और एक झोपड़ी में रखा भूसा धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में ही स्थित दूसरी झोपड़ी में रखा अनाज, बक्सा और अन्य घरेलू सामान भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
जिस समय झोपड़ी में आग लगी, वहां राम आशीष के मवेशी (पशु) भी बंधे हुए थे। आग की लपटें देखकर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए तुरंत मवेशियों को रस्सी से खोला और सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बेजुबान जानवरों की जान बच गई।
आग बुझाने में ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीण अभी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर ही रहे थे कि इस बीच सूचना पाकर यूपी पुलिस की 112 सेवा और अग्नि शमन (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।