दिनदहाड़े महिला से उचक्कागिरी, आभूषणों और नकदी से भरा थैला लेकर बदमाश रफूचक्कर
सादात : सादात बाजार में दिनदहाड़े एक महिला से उचक्कागिरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना के दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस के हाथ खाली हैं और आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। हालांकि, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बूढ़नपुर गांव के निवासी सुरेश चंद्र तिवारी की पत्नी इंदा देवी शनिवार सुबह सादात बाजार में खरीदारी करने आई थीं। बाजार में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर आगे का रास्ता पूछा। इसी दौरान शातिर बदमाशों ने चालाकी से महिला के हाथ से खरीदारी का एक थैला ले लिया। महिला अभी कुछ समझ पाती, तब तक कुछ दूर आगे बढ़ने पर शातिरों ने उनके हाथ से दूसरा थैला भी थाम लिया। इस दूसरे थैले में महिला का पर्स रखा हुआ था। पीड़ित महिला के मुताबिक, पर्स में ₹6,000 की नकदी, सोने की चेन, कान की बाली, लॉकेट और ब्रेसलेट मौजूद थे। महिला के संभलने और शोर मचाने से पहले ही दोनों उचक्के आभूषणों और रुपयों से भरा थैला लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के शिकार हुए क्षेत्र की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक बाइक पर सवार चार युवक जाते हुए दिखाई दिए। बाइक पर पीछे बैठने वाले दो युवक इस घटना को अंजाम देने में शामिल थे, जबकि दो अन्य उनके मददगार थे। एसओ पन्नेलाल यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों संदिग्धों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।




