क्रिकेट मैच के दौरान युवक पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया

क्रिकेट मैच के दौरान युवक पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया

करीमुद्दीनपुर।   करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के न्यू उर्फ ऊंचाडीह गांव में क्रिकेट मैच देखने गए एक लड़के को मनबढ़ युवकों द्वारा मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस संबंध में पीड़ित के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल लड़के को इलाज के लिए अस्पताल ले गई ।  पीड़ित लड़के के पिता सुमंत पाण्डेय निवासी न्यू उर्फ ऊंचाडीह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र हिमांशु पांडेय 21 मई की शाम गांव के बाहर नहर के पास दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच देखने गया था। घात लगाकर बैठे लोगों द्वारा ने अचानक उसपर लोहे की रॉड, डंडा से हमला कर दिए।  इस दौरान हिमांशु को  लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा सीने, पीठ, हाथ और पैरों पर भी धारदार हथियार व रॉड से हमला किया गया। आरोप है कि अंडकोष पर भी कई बार प्रहार किया गया, जिससे गंभीर सूजन और असहनीय दर्द की स्थिति बन गई।  घटना के दौरान हमलावरों के हाथों में हथियार होने के कारण मौके पर मौजूद लोग भयवश बीच-बचाव नहीं कर सके। बाद में घायल युवक को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचवर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड कराने के साथ जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया।  पुलिस को दी गई तहरीर में आशीष यादव, अमित यादव, विशाल यादव, राजू यादव और गोविंद यादव समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य अज्ञात बताए गए हैं। सभी आरोपित न्यू आराजी माफी ऊंचाडीह गांव के रहने वाले हैं।थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर रमेश पटेल ने बताया की  पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास, सामूहिक मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।