इसरो में चयनित अश्वनी कुमार का गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत

इसरो में चयनित अश्वनी कुमार का गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। सैदपुर विकासखंड के सोनियापार गांव निवासी अश्वनी कुमार के इसरो में वैज्ञानिक/अभियंता एससी पद पर चयन होने के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जनपद में प्रवेश करते ही सिधौना ,करमपुर,अनौनी ,जियापुर से सोनियापार तक ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ युवाओं व ग्रामीणों ने फूल माला से अभिनन्दन किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अश्वनी कुमार की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के बेटे ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।मां रीता देवी ने कहा कि “बेटे की सफलता वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। आज पूरे गांव का प्यार और सम्मान देखकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। हमें विश्वास है कि अश्वनी आगे भी देश और समाज का नाम रोशन करेगा। स्वागत के दौरान लोगों ने मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।
अश्वनी की माता रीता देवी शिक्षामित्र हैं, जबकि पिता बिजेंद्र कुमार गाजियाबाद में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। अश्वनी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए केरल स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी से बीटेक किया और बाद में इसरो की परीक्षा उत्तीर्ण कर वैज्ञानिक पद हासिल किया।इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमेश कुमार,राजा सिंह, प्रमोद यादव,अखिलेश,विष्णुकांत,कमलेश, सूरज  कुमार,आलोक,अभिषेक, आशा देवी,राजेंद्र प्रसाद, पंकज कुमार, इंद्रजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।