42 डिग्री तापमान में तालाब बना बच्चों का सहारा, पानी में मस्ती कर पा रहे राहत

42 डिग्री तापमान में तालाब बना बच्चों का सहारा, पानी में मस्ती कर पा रहे राहत

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। ऐसे में गांवों के तालाब बच्चों के लिए राहत का बड़ा सहारा बन गए हैं।दोपहर होते ही बच्चे तालाबों में पहुंचकर पानी में छलांग लगाते नजर आए। भीषण गर्मी के बीच बच्चे घंटों तालाब में नहाकर और तैराकी कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। गांव के तालाबों पर बच्चों की चहल-पहल से माहौल गुलजार रहा।तेज धूप और उमस के चलते बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। ग्रामीणों का कहना है कि इस बार मई महीने में ही जून जैसी गर्मी पड़ रही है, जिससे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक परेशान हैं।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।