बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली, विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली, विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। क्षेत्र के कुढालम्बी आलमपुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ रही है। गांव में कई परिवार वर्षों से बांस-बल्ली के सहारे बिजली का उपयोग करने को मजबूर हैं। जर्जर और अस्थायी व्यवस्था के कारण हर समय हादसे का खतरा बना रहता है, लेकिन विभाग इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी राजाराम, राधे श्याम, सरिता देवी, राजदेव, रामजी, रामनाथ और कैलाश के घरों तक बिजली आपूर्ति आज भी बिना पोल के बांस-बल्ली के सहारे पहुंचाई जा रही है। बरसात और तेज हवा के दौरान बिजली के तार नीचे झूलने लगते हैं, जिससे करंट फैलने और तार टूटकर गिरने की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी शिकायत दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। गांव के बच्चे और राहगीर हर दिन जान जोखिम में डालकर इन तारों के नीचे से गुजरते हैं।ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि वर्षों से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उन्हें सुरक्षित सुविधा नहीं मिल रही है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली पोल नहीं लगाए गए तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर गांव में बिजली पोल लगवाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।