औड़िहार रेलवे जंक्शन पर बड़ा हादसा टला, ट्रेन के नीचे गिरे दादा-पोते की बची जान
खानपुर। औड़िहार रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन से उतरते समय प्लेटफार्म से फिसलकर पटरी पर गिरे दादा और पोते को यात्रियों की सतर्कता और चेन पुलिंग की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, अनौनी गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश कुमार अपने 82 वर्षीय दादा शिवपूजन के साथ मुरादाबाद से सुहेलदेव एक्सप्रेस द्वारा घर लौट रहे थे। उनके साथ राजेश की बहन पूजा और उसके दो बच्चे भी यात्रा कर रहे थे।शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे ट्रेन औड़िहार रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 6 पर पहुंची। ट्रेन रुकने के बाद राजेश अपने वृद्ध दादा को नीचे उतार रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिससे शिवपूजन का पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म से नीचे पटरी पर गिर पड़े। दादा को बचाने के प्रयास में राजेश भी असंतुलित होकर ट्रेन के नीचे जा गिरे।घटना होते ही प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक यात्री ने तत्काल ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोक दिया, जिससे दोनों की जान बच सकी। इसके बाद यात्रियों और रेलवे कर्मियों की मदद से दोनों को पटरी से बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।डॉक्टरों के अनुसार राजेश कुमार की कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके दादा शिवपूजन के दोनों घुटनों, हाथों और कान में चोटें आई हैं। राजेश की बहन पूजा ने बताया कि ट्रेन अचानक चलने से यह हादसा हुआ, लेकिन समय रहते चेन पुलिंग होने से दोनों की जान बच गई।




